( गगन थिंद ) चरखी दादरी शहर में एक शादी समारोह के दौरान हुई, जब गोलीबारी के कारण एक लड़की की मौत हो गई। लड़की की मां भी छर्रों से घायल हो गई, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती किया गया। यह मां-बेटी परिवार के साथ झज्जर से शादी समारोह में शामिल होने आई थीं। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मृतक लड़की के पिता के बयान के आधार पर केस दर्ज किया और कार्रवाई शुरू कर दी है। मृतका का शव अस्पताल के शव गृह में रखा गया है।
शादी में शामिल होने पहुंचा था परिवार
पुलिस को दी शिकायत में झज्जर जिले के गांव बहू के रहने वाले अशोक कुमार ने बताया है कि वह खाद-बीज की दुकान चलाते हैं। बुधवार को वह अपनी पत्नी सविता, बड़ी बेटी जिया, छोटी बेटी रिया और बेटे मयंक के साथ चरखी दादरी के उत्सव गार्डन आए थे। यहां झज्जर जिले के गांव खोरड़ा के रहने वाले उनके दोस्त विजय की बेटी रवीना की शादी थी। अशोक कुमार ने बताया कि वह खाना खाने और शगुन देने के बाद जाने की तैयारी में थे। उनका परिवार उत्सव गार्डन के अंदर खड़ा था। इस दौरान बारात में आए हुए कुछ युवक पैलेस के बाहर हवाई फायरिंग करने लगे।
अज्ञात की गोली चलने से हादसा हुआ
युवकों ने पैलेस के बाहर 2-3 फायर किए। इसके बाद वे पैलेस के अंदर आ गए। अशोक ने बताया कि वह और उनका परिवार फायरिंग कर रहे युवकों से 8-10 कदम की दूरी पर खड़ा था। इस दौरान एक अज्ञात युवक की बंदूक से चली गोली उनकी बेटी जिया की खोपड़ी में जा लगी। इससे जिया लहूलुहान होकर जमीन पर गिर गई। साथ ही उनकी पत्नी सविता को भी गोली के छर्रे लगे। अशोक ने बताया कि वह अपनी बेटी और पत्नी को लेकर चरखी दादरी सिविल अस्पताल पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसकी बेटी जिया को मृत घोषित कर दिया।
9वीं कक्षा में पढ़ती थी रिया
अशोक ने बताया है कि उनकी बेटी जिया कक्षा 9 में पढ़ती थी। उसकी उम्र 13 साल थी। उनकी पत्नी का उपचार चल रहा है। उन्होंने पुलिस को शिकायत देकर कानूनी कार्रवाई की मांग की है। इसके आधार पर सिटी थाना पुलिस ने आज सुबह केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस ने मैरिज होम के उस एरिया को सील कर दिया है, जहां वारदात हुई। साथ ही मैरिज होम में लगे CCTV कैमरों को खंगालकर आरोपी का पता लगाने में जुटी हुई है।