( गगन थिंद ) फतेहाबाद में देर रात घने कोहरे के कारण एक क्रूजर गाड़ी भाखड़ा नहर में जा गिरी। इस हादसे में 11 लोग लापता हो गए, जबकि एक बच्चे सहित 2 लोगों को बचाया गया था, जिनमें से एक की मौत हो गई है। वहीं, ड्राइवर ने हादसा होने से ठीक पहले गाड़ी से छलांग लगाकर अपनी जान बचा ली। ये लोग पंजाब में एक शादी से लौट रहे थे। सूचना मिलने के बाद मौके पर रात में ही पुलिस पहुंची थी। इसके बाद NDRF को भी मौके पर बुलाया गया और नहर में सर्च ऑपरेशन शुरू हुआ। रात में क्रूजर गाड़ी को निकाल लिया गया था, लेकिन अब तक लापता लोगों का कुछ पता नहीं चला है। सुबह से ही यहां सर्च ऑपरेशन जारी है। मौसम विभाग ने हरियाणा के 9 जिलों में बारिश का भी अलर्ट जारी किया है। यदि सर्च ऑपरेशन के दौरान बारिश हुई तो लापता लोगों की तलाश में लगी NDRF टीम की मुश्किलें बढ़ सकती हैं।
किराए पर गाड़ी लेकर शादी में गया था परिवार
जानकारी के अनुसार, रतिया क्षेत्र के गांव महमड़ा से एक परिवार के 13 सदस्य पंजाब के जलालाबाद में शादी में शामिल होने गए थे। उन्होंने इसके लिए एक क्रूजर गाड़ी को किराए पर लिया था। जब शुक्रवार रात को परिवार वहां से लौट रहा था, तभी भारी धुंध के चलते सरदारेवाला के पास क्रूजर गाड़ी भाखड़ा नहर में गिर गई।
हालांकि, गाड़ी गिरने पहले इसका ड्राइवर जरनैल सिंह गाड़ी से कूद गया, जिससे उसकी जान बच गई। वहीं, ड्राइवर ने संभलते ही मौके पर शोर मचाना शुरू कर दिया। इससे लोग जमा हो गए। उन्होंने तत्परता दिखाते हुए गाड़ी से लोगों को बिना किसी साधन के निकालने की कोशिश की, जिससे उन्होंने एक बच्चे को बचा लिया।
बच्चे को बचाया, व्यक्ति की मौत हुई
बच्चे की पहचान अरमान सिंह के रूप में हुई। वह 10 वर्षीय बच्चा रियोंद पंजाब का रहने वाला है। वहीं, लोगों ने महमड़ा गांव के निवासी बलबीर सिंह (55) को भी निकाल लिया था, लेकिन उनकी मौत हो गई। उसका शव रतिया के सिविल अस्पताल में रखवाया गया है। इसके बाद लोगों ने पुलिस सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर NDRF को बुलाया। इसके बाद रात में ही मौके पर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू हुआ। इस दौरान NDRF ने करीब 2 घंटे की मशक्कत के बाद क्रेन की सहायता से क्रूजर गाड़ी को निकाल लिया। हालांकि, इसमें कोई व्यक्ति नहीं था।
रात में धुंध ज्यादा थी और ठंड भी बढ़ रही थी, इसलिए टीम ने रात में रेस्क्यू ऑपरेशन बंद कर दिया। इसके बाद सुबह टीम ने फिर से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया, लेकिन किसी लापता की कोई सूचना नहीं मिली। अब तक भी नहर से कोई जिंदा या मुर्दा नहीं निकाला जा सका। इन लापता 11 लोगों में 3 बच्चे और तीन महिलाएं भी शामिल हैं।
हरियाणा में मौसम विभाग ने आज 9 जिलों में बारिश की संभावना जताई है। यह अलर्ट 5 फरवरी तक जारी रहेगा। पश्चिमी पंजाब और पाकिस्तान के ऊपर बने कम दबाव के क्षेत्र के कारण हरियाणा के पंजाब के साथ लगते इलाकों सिरसा, फतेहाबाद, जींद, कैथल, हिसार, कुरुक्षेत्र, अंबाला, यमुनानगर और पंचकूला में बारिश के आसार हैं।
इस दौरान ओले गिरने की भी संभावना है। इसके साथ धुंध भी छाएगी। वहीं, आज सुबह प्रदेश के 11 जिलों में सुबह घनी धुंध छाई रही। इनमें फरीदाबाद, नूंह, पलवल, झज्जर, महेंद्रगढ़, पानीपत, जींद, भिवानी, रेवाड़ी, कैथल और सिरसा शामिल हैं। इनमें से नूंह, फरीदाबाद, भिवानी और पलवल में विजिबिलिटी लगभग शून्य रही। बाकी जगहों पर भी विजिबिलिटी पर भारी असर रहा।